मुंगेली न्यूज़ -खाद की कालाबाजारी एवं अनियमितता पर होगी : कलेक्टर ने खाद-बीज की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों की ली बैठक किसानों को समय पर पर्याप्त खाद बीज उपलब्धता सुनिश्चि
Chief Editor-Digvendra Kumar Gupta / Sat, Jun 6, 2026 / Post views : 16
जिला जनसंपर्क कार्यालय मुंगेली (छ.ग.)
समाचार
कलेक्टर ने खाद-बीज की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों की ली बैठक
किसानों को समय पर पर्याप्त खाद बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने दिए निर्देश
खाद की कालाबाजारी एवं अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर
मुंगेली 06 जून 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में खाद-बीज को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कृषि विभाग, राजस्व विभाग, सहकारिता विभाग तथा बीज निगम के अधिकारियों ने बैठक में शामिल होकर जिले में खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में कलेक्टर ने किसानों को समय पर खाद -बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले के सभी किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत कृषकों को प्राथमिकता के आधार पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि खरीफ फसल उत्पादन की सफलता काफी हद तक समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता पर निर्भर करती है, इसलिए किसी भी स्थिति में किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सहकारी क्षेत्र में यूरिया उर्वरक का भंडारण निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 52 प्रतिशत तथा डीएपी उर्वरक का भंडारण 31 प्रतिशत तक किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में खाद की मांग को देखते हुए अतिरिक्त भंडारण की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। डीएपी उर्वरक की संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए उसके विकल्प के रूप में एनपीके उर्वरक का पर्याप्त भंडारण भी कराया गया है, जिससे किसानों को वैकल्पिक उर्वरक आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को निर्धारित शासकीय दर पर ही उर्वरकों का विक्रय हो। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बीज उपलब्धता की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में बीज भंडारण का कार्य लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। वहीं अब तक उपलब्ध बीजों का लगभग 60 प्रतिशत वितरण किसानों को किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि खरीफ फसलों की बुआई को देखते हुए शेष बीजों का वितरण भी तेजी से किया जा रहा है ताकि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को एग्री स्टेक पंजीयन अभियान में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए ग्राम स्तर पर मुनादी कराई जाए तथा किसानों को योजना के लाभों की जानकारी दी जाए। इसके साथ ही पंचायतों, कृषि विस्तार अधिकारियों एवं ग्रामीण स्तर के कर्मचारियों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए। बैठक में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा गुणवत्तापूर्ण बीजों के प्रयोग के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे गांव-गांव पहुंचकर किसानों से संवाद स्थापित करें तथा कृषि संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही खाद एवं बीज खरीदें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, अधिक मूल्य वसूली या खाद-बीज की कमी की शिकायत तत्काल कृषि विभाग अथवा प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। खरीफ सीजन को सफल बनाने और किसानों को आवश्यक कृषि आदानों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है। जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन