मुंगेली न्यूज़ -जल जीवन मिशन से बदली चमारी की तस्वीर : लक्ष्मी बाई, गीता सहित ग्रामीणों को घर में ही मिल रहा स्वच्छ पेयजल दूर से पानी लाने की समस्या से मिली राहत
Chief Editor-Digvendra Kumar Gupta / Thu, Apr 16, 2026 / Post views : 61
जिला जनसंपर्क कार्यालय मुंगेली (छ.ग.)
सफलता की कहानी
जल जीवन मिशन से बदली चमारी की तस्वीर
लक्ष्मी बाई, गीता सहित ग्रामीणों को घर में ही मिल रहा स्वच्छ पेयजल
दूर से पानी लाने की समस्या से मिली राहत
मुंगेली 16 अप्रैल 2026// मुंगेली विकासखंड के ग्राम चमारी में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में उल्लेखनीय परिवर्तन लाते हुए वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया है। इस योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचने के बाद गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है और ग्रामीणों को अब सहज, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम चमारी, जिसकी आबादी करीब 868 है, पहले गंभीर जल संकट से जूझ रहा था। पेयजल के लिए गांव में केवल चार हैंडपंप और तीन बोरवेल ही सहारा थे। गर्मी के मौसम में भूजल स्तर गिरने से हैंडपंप सूख जाते थे, जिससे ग्रामीणों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ता था।
ग्राम की निवासी लक्ष्मी बाई यादव ने बताया कि पहले उन्हें पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार मजबूरी में पड़ोसियों से पैसे देकर पानी लेना पड़ता था। वे कहती हैं कि अब घर में ही नल से पानी मिलने से उनकी सबसे बड़ी चिंता खत्म हो गई है और जीवन काफी सहज हो गया है। इसी तरह गीता बाई ने बताया कि पहले पानी के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता था, जिससे घर के काम प्रभावित होते थे। वहीं सोनी बाई के अनुसार पानी की समस्या के कारण उन्हें खेतों में काम पर जाने में देर हो जाती थी और कई बार मजदूरी भी छूट जाती थी। अब जल जीवन मिशन के प्रभाव से सभी घरों तक नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति हो रही है। इससे महिलाओं का समय बच रहा है, दैनिक जीवन आसान हुआ है और आजीविका के अवसर भी बेहतर हुए हैं। ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जीवन में वास्तविक बदलाव लेकर आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन